नीमच। शिवरात्रि के पावन अवसर पर नगर का प्राचीन और ऐतिहासिक शिवघाट महादेव मंदिर इस वर्ष भी हजारों फूलों के गलीचों और दिव्य श्रृंगार से सजेगा। सांय 6.30 बजे आरती का आयोजन होगा, जिसमें भक्तिमय वातावरण और दीपों की रोशनी से मंदिर परिसर आलोकित हो उठेगा।
भगवान भोलेनाथ का आकर्षक और दिव्य श्रृंगार विशेष पूजा-अर्चना के साथ किया जाएगा। श्रद्धालु संध्या आरती में बड़ी संख्या में नदी तट और मंदिर परिसर में दर्शन करने पहुंचेंगे। भक्तिभाव से सजाई गई रांगोली, पुष्प-श्रृंगार और दीपमालाओं से पूरा मंदिर परिसर अलौकिक प्रकाश में जगमगा उठेगा।
हर वर्ष की तरह इस बार भी अनेक परिवार, सामाजिक संगठन और युवा समूह आकर्षक थीम के साथ दर्शन करेंगे, जिससे यह दृश्य अत्यंत मनोहारी और आध्यात्मिक संतोष प्रदान करने वाला होगा। झिलमिलाती दीयों की रोशनी नदी के शांत जल पर प्रतिबिंबित होकर श्रद्धालुओं के मन को शांति और संतुष्टि प्रदान करेगी।
मंदिर समिति ने नगरवासियों से आग्रह किया है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर शिवरात्रि के अमृत दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त करें और इस दिव्य पर्व को सफल बनाएं।