नीमच। सिटी थाना अंतर्गत जेतपुरा फंटे पर रविवार को एक भयावह सड़क हादसे से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्राला डिवाइडर कूदते हुए सड़क किनारे खाई में जा गिरा और सीधे एक पेड़ से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्राले का अगला हिस्सा पेड़ में बुरी तरह धंस गया।

हादसे में ट्राला चालक रमेश गुर्जर पिता रामकुंवार गुर्जर (उम्र 30 वर्ष), निवासी ग्राम धाकड़ों का रामपुरा, जिला टोंक (राजस्थान) गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक का एक हाथ और एक पैर बुरी तरह जख्मी हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस व 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। करीब आधे घंटे की मशक्कत और जेसीबी की मदद से ट्राले के केबिन को काटकर चालक को बाहर निकाला गया। 108 एंबुलेंस के ईएमटी स्टाफ राहुल व दशरथ व्यास ने गंभीर अवस्था में घायल को नीमच जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।

प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ट्राले की तेज रफ्तार और चालक द्वारा नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। बताया गया कि ट्राला नासिक से जयपुर की ओर जा रहा था।
