जावी। नीमच जिला मुख्यालय से 12 किलोमीटर दूर कमल सरोवर की नगरी जावी में स्थित ऐतिहासिक श्री गुर्जरखेड़ा धाम पर महाशिवरात्रि महोत्सव हर्षाेल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि प्रातः से ही विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना का शुभारंभ हुआ।

मंदिर पर पं. हरिओम तिवारी ने मंत्रोच्चार के साथ देवों और चूल का पूजन किया। इसके बाद महाआरती सम्पन्न हुई। इस अवसर पर नाथों के नाथ श्री अघोरी नाथ पंडाजी घनश्याम लोहार ने 41 कुएँ और बावड़ियों के संग्रहित जल से भरे 16 मिट्टी कलशों से स्नान किया और उन्हें अपने सीने पर फोड़ते हुए महाआरती में भाग लिया।

इसके बाद मन्दिर के सेवक और श्रद्धालु भक्तजन-माताएं, बहनें, बच्चे धधकते अंगारों की विशाल चूल में निकलते हुए “हर हर महादेव”, “बम-बम भोले” और “ॐ नमः शिवाय” का जाप करते हुए महोत्सव में भाग लिया।

महोत्सव का समापन साबूदाने की खिचड़ी और फलों की महाप्रसादी के वितरण के साथ हुआ। मंदिर समिति प्रवक्ता दिलीप पाटीदार जावी ने इस कार्यक्रम की जानकारी दी और बताया कि इस आयोजन ने क्षेत्रवासियों में धार्मिक आस्था और सामूहिक उत्साह का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया।
