खरगोन। ज़िले में जिला मुस्लिम कमेटी के पद को लेकर फैलाई जा रही भ्रम की स्थिति पर अब मुस्लिम संगठनों ने सख़्त रुख अपना लिया है। सनावद मुस्लिम अंजुमन इस्लाम कमेटी के सदर शेख शाकेरिन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिला मुस्लिम कमेटी के वैध और सर्वसम्मत जिला सदर जनाब रियाज़ुद्दीन शेख साहब ही हैं, और वही आगे भी इस जिम्मेदारी पर रहेंगे।
शेख शाकेरिन ने आरोप लगाया कि हाल ही में शेख अलीम द्वारा चंद लोगों को इकट्ठा कर स्वयं को जिला सदर घोषित करना पूरी तरह फर्जी और असंवैधानिक है। उन्होंने कहा कि जिला सदर बनने की एक तय और पारदर्शी प्रक्रिया होती है, जिसमें पूरे खरगोन ज़िले के सदरों की सहमति और निर्णय शामिल होता है, न कि किसी व्यक्ति की मनमानी घोषणा।
उन्होंने बताया कि इसी तय प्रक्रिया के तहत रियाज़ुद्दीन शेख साहब को ज़िले का रहनुमा चुना गया है, जिन्हें ज़िले भर के मुस्लिम सदरों और समाज का पूर्ण समर्थन प्राप्त है। रियाज़ साहब ने हमेशा गरीब, मजबूर और ज़रूरतमंद मुसलमानों की मदद में बढ़-चढ़कर भूमिका निभाई है और ज़िले के मसाइल को लेकर प्रशासन के समक्ष आवाज़ बुलंद की है।
शेख शाकेरिन ने प्रशासन से मांग की कि क़ौम में भ्रम फैलाने वाले फर्जी दावों पर रोक लगाई जाए और केवल वैध व सर्वसम्मत नेतृत्व को ही मान्यता दी जाए। उन्होंने यह भी बताया कि बड़वाह, बेड़िया, कसरावद, राहटकोट, काटकूट, सगड़िया, रोड़िया, गोगावां, मोगावा, मंडलेश्वर, महेश्वर, करही और पिपलगांव सहित ज़िले के विभिन्न क्षेत्रों के सदर इस समर्थन में एकजुट हैं।
अंत में उन्होंने कहा कि क़ौम की एकता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और किसी भी तरह के फर्जीवाड़े को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।