नीमच। जिले के मनासा थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव मालखेड़ा निवासी 19 वर्षीय युवक आनंद, पिता दुले सिंह बंजारा, की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार शाम लगभग 7 बजे जमुनिया रावजी और मालखेड़ा के बीच सड़क पर यह हादसा हुआ। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि आनंद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। परिजन उसे तत्काल जिला चिकित्सालय नीमच लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रात करीब 8 बजे शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।

मामले में नीमच कैंट थाना पुलिस ने जीरो पर मर्ग कायम कर सोमवार सुबह जिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस हादसे की विस्तृत जांच अब मनासा पुलिस द्वारा की जाएगी। युवक की असामयिक मृत्यु से परिवार सहित पूरे गांव में गहरा शोक व्याप्त है।
