छतरपुर। बागेश्वर धाम में भव्य सप्तम कन्या विवाह महोत्सव का आयोजन किया गया। आस्था, परंपरा और सामाजिक समरसता के संगम स्थल बागेश्वर धाम के महोत्सव ने एक बार फिर समाज को सकारात्मक संदेश दिया। इस भव्य आयोजन में 305 बेटियों का विधि-विधान से पाणिग्रहण संस्कार संपन्न हुआ, जिसके लाखों श्रद्धालु साक्षी बने।
इस अवसर पर तुलसी पीठाधीश जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि वे जीवन भर वैदिक धर्म का निर्वहन करें और भारतीय संस्कृति के आदर्शों को अपने जीवन में उतारें। उन्होंने कहा कि विवाह केवल दो व्यक्तियों का नहीं, बल्कि दो परिवारों और संस्कारों का मिलन है।
कार्यक्रम में उपस्थित दीदी मां ऋतम्भरा ने कहा कि सनातन संस्कार व्यक्ति को व्यक्ति नहीं समष्टि बनाते हैं।विवाह जैसे पवित्र संस्कार समाज में नैतिकता, जिम्मेदारी और समर्पण की भावना को सुदृढ़ करते हैं।
इस अवसर पर दाती महाराज, संजय कृष्ण सलिल, मृदुल कांत शास्त्री, गुरु सिमरन सिंह पंजाब, श्रृंगारी महाराज, विधायक रवि राणा, राजू दास महाराज, बाल योगेश्वर दास महाराज सहित 50 देश के प्रवासी भारतीयों के अलावा लाखों लोग महोत्सव के साक्षी बने।
8 देशों के राजदूतों ने दिया आशीर्वाद, महाराज के साथ झूमे इस बार का महोत्सव राष्ट्रीय नहीं अंतरराष्ट्रीय हो गया क्योंकि आठ देशों के राजदूतों ने आकर बेटियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुख में जीवन की कामना की। अर्जेंटीना, चिली, पेरू, उरुग्वे, कोलंबिया, पनामा, सूरीनाम, पराग्वे के राजपूतों ने कहा कि यह क्षण हम सबको गौरवान्वित करने का अवसर है। विदेशी अतिथियों ने महाराज के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि हमें लंबे समय तक यह क्षण याद रखेंगे। यहां के रीति रिवाज से बहुत कुछ अवगत होने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि वह इस दिवस के साक्षी बने।
बागेश्वर धाम पीठाधीश पं. धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि आज से यह सभी बेटियां अमीर हो। गई जिन बेटियों के ऊपर बागेश्वर नाथ का हाथ है वे अब अनाथ कैसे हो सकती हैं। महाराज जी ने कहा कि जिनका कोई नहीं है उन्हें विदेशी भी आशीर्वाद देने आए हैं। पूरी दुनिया बागेश्वर धाम से यह सीखेगी कि कैसे यहां से गरीब बेटियों के घर बसाने का कार्य किया जा रहा है। यह पूरा कार्य बालाजी की कृपा से ही हो रहा है। बेटियां ही नहीं दामाद भी महाराज से लिपटकर व्यवस्था को देखकर रोने लगे।
वृंदावन धाम से आए गोरी गोपाल आश्रम के प्रमुख अनिरुद्धाचार्य महाराज ने कहा कि जो सबको जोड़ता है वह समाज को हमेशा ऊपर रखता है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला सपरिवार कन्या विवाह महोत्सव में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि बागेश्वर महाराज की उम्र भले ही छोटी है लेकिन उनके संकल्प बहुत बड़े हैं। उन्होंने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि वह इस पावन अवसर पर बागेश्वर धाम आए हैं। उन्होंने सभी बेटियों को सुखमय जीवन का आशीर्वाद दिया।