देवास। जिले के बागली विधानसभा क्षेत्र स्थित आस्था के प्रमुख केंद्र जटाशंकर मंदिर में महाशिवरात्रि का पर्व इस वर्ष विशेष भावनात्मक माहौल में मनाया गया। भगवान भोलेनाथ की सेवा और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नव निर्मित भोजनशाला और सभागृह का लोकार्पण श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया।
कार्यक्रम में किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, बागली विधायक मुरली भंवरा और भाजपा जिला अध्यक्ष राज सिंह सेंधव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति, सेवा और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
लगभग 40 लाख रुपये की लागत से निर्मित भोजनशाला एवं सभागृह का विधिवत लोकार्पण किया गया। अतिथियों ने मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर अतिथियों ने संयुक्त रूप से कहा कि जटाशंकर धाम क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाने के लिए लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं और भविष्य में भी आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
भोजनशाला और सभागृह बनने से दूर-दराज से आने वाले भक्तों को बड़ी राहत मिलेगी, साथ ही धार्मिक और सामाजिक आयोजनों को नई ऊर्जा मिलेगी। धर्म और विकास के ऐसे कार्य समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और आगे भी जनहित में इस तरह के कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने अतिथियों का स्वागत किया तथा मंदिर परिसर में प्रसाद वितरण किया गया। महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर जटाशंकर धाम में भक्ति, सेवा और विकास का सुंदर संगम देखने को मिला।
देवास से ब्यूरो चीफ अभिषेक सोनी की रिपोर्ट