नीमच। दाऊदी बोहरा समाज में पवित्र माह रमजान की शुरुआत हो गई। महीने के पहले दिन समाजजनों ने पूरे जोश, अकीदत और एहतराम के साथ पहला रोजा रखा। शहर की मस्जिदों और मरकज़ों में रमजान की रूहानी फिजाओं के बीच नमाज़ का आयोजन किया गया।

नीमच की तीनों मस्जिदों और मरकज़ों में जनाब आमिल साहब की सदारत में नमाज़ अदा की गई, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। नमाज़ के बाद परिजनों, समाज, मुल्क और शहर में अमन-चैन, तरक्की, खुशहाली और सेहत की दुआएं मांगी गईं।

समाजजन पूरे महीने तीस रोजे रखेंगे, जिसमें कुरआन की तिलावत, विशेष इबादत, सेहरी और इफ्तार का सिलसिला जारी रहेगा। खास पवित्र रातों में जागरण कर इबादत की जाएगी और खुदा की रहमतें हासिल करने का प्रयास किया जाएगा।

समाजजनों ने एक-दूसरे को रमजान की मुबारकबाद दी और अपने परिजनों, शहर और देश की बेहतरी के लिए दुआ की। रमजान का यह पाक महीना सब्र, शुक्र और इंसानियत का संदेश देता है और नीमच में धार्मिक सौहार्द और भाईचारे का सुंदर संदेश फैल रहा है।
