नीमच। जिले की रामपुरा तहसील के ग्राम जन्नोद निवासी मोहन पिता मोड़ा ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उसकी स्वामित्व एवं कब्जे की कृषि भूमि सर्वे क्रमांक 273 पर लगे बबूल, खेजड़ा और नीम के हरे वृक्षों को अवैध रूप से काट दिया गया। आवेदन में बताया गया है कि उक्त वृक्ष लगभग 20 वर्ष पुराने थे। आरोप है कि ग्राम बसंतपुरा निवासी विनोद पिता भागीरथ तेली ने 4-5 दिन पूर्व पेड़ों को काट दिया। जब प्रार्थी ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने गाली-गलौच कर जान से मारने की धमकी दी। प्रार्थी ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।