नीमच। इबादत की पवित्र यात्रा हज को लेकर जिले में खासा उत्साह देखा जा रहा है। इस वर्ष नीमच जिले से करीब 52 मुस्लिम समाजजन हज यात्रा पर रवाना होंगे। तैयारियों को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से जिला हज कमेटी नीमच द्वारा महू रोड स्थित बंधन गार्डन में जिला स्तरीय हज प्रशिक्षण एवं टीकाकरण शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में मध्य प्रदेश हज कमेटी द्वारा नियुक्त हज ट्रेनर जावेद खान ने यात्रियों को हज के अरकान, एहराम की पाबंदियां, तवाफ व सई की विधि, अराफात व मिना में ठहराव की अहमियत, सऊदी अरब के नियमों तथा भारत सरकार के दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने अनुशासन, धैर्य और आपसी भाईचारे के साथ यात्रा पूर्ण करने का संदेश भी दिया।
जिला हज कमेटी अध्यक्ष हाजी मोहम्मद हनीफ ने बताया कि हज यात्रा से पूर्व निर्धारित टीकाकरण अनिवार्य है। इसी क्रम में शिविर के दौरान यात्रियों को मस्तिष्क ज्वर के टीके लगाए गए।
प्रशिक्षण शिविर में अख्तर पटेल, अनीस, मतलूब अजमेरी, अशरफ मेव, हाजी भूरा जागीरदार और मोहम्मद फारूक छिपा मंचासीन रहे। बड़ी संख्या में हज यात्रियों की उपस्थिति ने आयोजन को गरिमामय बनाया।
गौरतलब है कि इस वर्ष मध्य प्रदेश से लगभग 8,000 हज यात्री रवाना होंगे। जानकारी के अनुसार नीमच से जाने वाले हज यात्रियों की उड़ानें मुंबई से 18 अप्रैल से प्रारंभ होंगी।