पिपलियामंडी। नगर में कृषि उपज मंडी द्वारा पुलिस प्रशासन के सहयोग से यातायात सुधार के लिए लागू की गई टोकन प्रणाली भी जाम रोकने में नाकाम साबित हुई। मंडी परिसर के बाहर वाहनों की कतार लगाकर ट्रैफिक नियंत्रित करने का प्रयास किया गया, लेकिन कुछ ही समय में हालात फिर बेकाबू हो गए और मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया।
जाम के चलते यात्री बसें और स्कूली बच्चों से भरी बसें देर तक फंसी रहीं, जिससे विद्यार्थियों व यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। वहीं, मुख्य मार्ग स्थित दुकानदारों को भी नुकसान झेलना पड़ा, क्योंकि ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुंच सके।
राहगीरों को भी आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। संकरी सड़कों और अव्यवस्थित पार्किंग से स्थिति और गंभीर हो गई। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मंडी सीजन में बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉली और मालवाहक वाहनों के कारण यातायात दबाव बढ़ जाता है।
गनीमत रही कि जाम में कोई एम्बुलेंस नहीं फंसी। नागरिकों ने प्रशासन से यातायात समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि नगरवासियों को बार-बार जाम से जूझना न पड़े।