नीमच। सेवा और मानवता के पावन उद्देश्य के तहत महावीर इंटरनेशनल की इकाई, महावीर इंटरनेशनल प्रियदर्शिनी महिला विंग ने आज झुग्गी-झोंपड़ी क्षेत्र की एक बस्ती को गोद लेकर प्रेरणादायी सामाजिक पहल की शुरुआत की। यह कार्यक्रम प्रियदर्शिनी अध्यक्ष रज़िया अहमद की स्वर्गीय सासू मां शिरीन अहमद की स्मृति में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के तहत बस्तीवासियों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाया गया। डॉ. शहजाद हुसैन (होम्योपैथिक) और डॉ. एम. गुजरिया (जनरल फिजिशियन) ने लोगों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे इस शिविर में शामिल हुए।
इसके साथ ही कच्चे घरों में रहने वाले परिवारों को चटाइयों और फलों का वितरण किया गया, जिससे उन्हें दैनिक जीवन में सुविधा और पोषण मिल सके। कार्यक्रम में ऑप्टेन मेंबर सूरजमल अग्रवाल, जीसीएम मनोहरलाल बंब, रतलाम-नीमच जोन चेयरपर्सन रेखा अनुराग जैन, डिप्टी डायरेक्टर वुमन्स एम्पायर आशा सांभर और संतरा विरवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में चिकित्सकों और सहयोगी टीम का सम्मान किया गया। अध्यक्ष रज़िया अहमद ने कहा कि बस्ती गोद लेने की यह पहल केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने का संकल्प है।