नीमच। बघाना थाना क्षेत्र के हवाई पट्टी इलाके में बीती शाम एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुष्कर मीणा (26) पिता रंगलाल मीणा, निवासी ग्वाल देव्या, हाल मुकाम हवाई पट्टी नीमच, एक होंडा शोरूम में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि वह शाम करीब 6 बजे ड्यूटी से घर लौटा और कुछ समय बाद घर में ही साड़ी से फांसी लगा ली।
परिजनों को घटना का पता चलने पर वे उसे तुरंत जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां शाम करीब 8 बजे डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही बघाना थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है और परिस्थितियों की जांच जारी है।
युवक की असामयिक मृत्यु से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।