नीमच। नगर में सनातन सत्संग मंडल के तत्वावधान में चल रहे सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ का 74वां आयोजन भक्ति भाव के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे समय ईश्वर आराधना में लीन रहे। यहां सभी भक्त जाति-वर्ण से ऊपर उठकर सनातन धर्म के भाव से एकाकार होते नजर आए।
अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय शाहपुरा के विद्वान संत संत श्री चेतनराम जी की प्रेरणा से प्रति मंगलवार नगर के विभिन्न मंदिरों में यह क्रम निरंतर जारी है। इस बार आयोजन श्रीनर्मदेश्वर-श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर में हुआ, जिसके लाभार्थी मालपानी परिवार रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मालपानी परिवार के कैलाश, अशोक, दिलीप, सत्यनारायण, राजेश एवं योगेश मालपानी ने श्रीहनुमान जी के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर की।
भजनों से भक्तिमय माहौल
महाशिवरात्रि की छटा और फागुन की होली की मस्ती सत्संग में भी देखने को मिली।
राजकुमार मारु ने “कैलाश के निवासी नमो बार-बार हो” भजन प्रस्तुत कर भोलेनाथ की वंदना की।
देवीलाल कुमावत ने “फागुन आयो रे सांवलिया” से होली का उत्साह जगाया।
अरुण झंवर ने श्रीहनुमान जी की झांकी का भावपूर्ण वर्णन किया।
गोपाल राठौर ने भगवान शिव के साथ होली खेलने का चित्रण किया।
विजय उपाध्याय ने शिव लीला पर आधारित भजन प्रस्तुत किया।
कमल विजयवर्गीय ने होली के भजनों पर श्रद्धालुओं को नृत्य के लिए प्रेरित किया।
ओम सोनी ने “जिन पर कृपा राम की” भजन से श्रद्धा का संदेश दिया।
मंदिर में विराजित श्रीनर्मदेश्वर महादेव और श्री अचलेश्वर महादेव का श्रृंगार अयोध्या के श्रीराम मंदिर के श्रीराम लला तथा हनुमानगढ़ी के स्वरूप में किया गया। मनमोहक श्रृंगार करने पर कुमारी नंदनी टीकाकार का मालपानी परिवार द्वारा सम्मान किया गया।
अंत में सनातन सत्संग मंडल ने सफल आयोजन के लिए मालपानी परिवार एवं सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। मंडल ने 75वां सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ 24 फरवरी मंगलवार को रात्रि 8 बजे श्री खाटूश्याम मंदिर सिल्वर सिटी में आयोजित करने का आमंत्रण दिया है।