जयपुर वेस्टर्न डिर्स्टबेंस के कारण राजस्थान के मौसम बदल गया है। नए सिस्टम के असर से जयपुर, अलवर, टोंक सहित कई जिलों में बुधवार सुबह से रुक-रुककर बरसात हो रही है। जयपुर शहर के आसपास के इलाकों में ओले भी गिरे।
तापमान में गिरावट के साथ हवा में भी ठंडक बढ़ गई है। आज 13 जिलों में आंधी-बारिश के साथ ओले गिरने का ऑरेंज अलर्ट है। वहीं, 13 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को भी कई जिलों में हल्की बारिश हुई। नागौर में ओले भी गिरे। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 20 फरवरी से मौसम में फिर बदलाव होगा। जयपुर शहर में ओले गिरने के कारण ठंड बढ़ गई है। सुबह से हो रही बरसात के कारण लोगों को परेशानी भी हो रही है।
जयपुर में बादल गरजे, बिजली चमकी
राजधानी जयपुर में बीते कई दिनों से बढ़े तापमान में मंगलवार रात से गिरावट हुई है। तेज हवा और बिजली चमकने के साथ बुधवार सुबह 4 बजे से कभी धीमी तो कभी तेज बारिश हो रही है।
शहर के कई इलाकों में ओले भी गिरे। इसके बाद से ठंडी हवा चल रही है। वहीं, कोटा, टोंक, अलवर बुधवार सुबह 20 से 25 मिनट तक तेज बरसात हुई। मौसम बदलने के साथ फिर से सर्दी महसूस हो रही है। मौसम एक्सपर्ट के अनुसार बारिश के बाद एक-दो दिन हल्की ठंड का एहसास हो सकता है।
25 डिग्री से नीचे दिन का तापमान
पिछले 24 घंटे में नागौर, श्रीगंगानगर, पाली, हनुमानगढ़, चूरू जिलों में हल्की बारिश हुई। नागौर में बारिश के साथ कुछ जगहों पर ओले गिरे। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 5.7 डिग्री गिरकर 24.4 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ।
मौसम केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- राज्य में आज इस सिस्टम का असर सबसे ज्यादा उत्तर-पूर्वी हिस्सों में रहेगा। 19 फरवरी को तापमान में थोड़ी कमी होगी, लेकिन उसके बाद वापस तापमान में बढ़ोतरी दर्ज होगी और आसमान साफ रहेगा।