मंदसौर। जिले की ग्राम पंचायत बडावत के ग्राम कोचवी स्थित श्मशान घाट के एक कुएं में गुरुवार को लापता युवती का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर वायडी नगर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए मंदसौर जिला अस्पताल भिजवाया।
दो दिन से लापता थी युवती
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका अल्फिया (पिता सत्तार) दो दिन पहले बकरियां चराने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिवार में कोई जिम्मेदार सदस्य मौजूद न होने के कारण उसकी मां समय पर थाने में एफआईआर दर्ज नहीं करा पाई। परिजन और ग्रामीण अपने स्तर पर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
चप्पल तैरती देख ग्रामीणों को हुआ शक
शनिवार को ग्रामीणों ने श्मशान घाट के पास स्थित कुएं में एक चप्पल तैरती हुई देखी। पास ही बकरियां हांकने में उपयोग की जाने वाली लकड़ी भी पड़ी थी। संदेह होने पर कुएं में झांककर देखा तो अंदर शव दिखाई दिया, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
तलाकशुदा थी, एक छोटी बच्ची है
परिवारिक जानकारी के अनुसार अल्फिया का करीब एक वर्ष पहले तलाक हो चुका था और उसकी एक छोटी बच्ची भी है, जो अब मां के निधन के बाद बेसहारा हो गई है।
सरपंच प्रतिनिधि ने जताई आशंका
सरपंच प्रतिनिधि फारूख अजमेरी ने घटना को संदिग्ध बताते हुए कहा कि युवती दो दिन से लापता थी, ऐसे में यह साधारण दुर्घटना प्रतीत नहीं होती। उन्होंने निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।