देवास। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से देवास पुलिस ने गुरुवार शाम शहर में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च पुलिस लाइन से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा, जिससे आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ।
नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के नेतृत्व में शहर के सभी थाना प्रभारियों सहित भारी पुलिस बल मार्च में शामिल रहा। पुलिस ने जहां नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया, वहीं असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी भी दी।
सीएसपी सुमित अग्रवाल ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर सभी थाना क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त निगरानी रखी जा रही है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे त्योहारों को भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।