नीमच। शहर में पेयजल की गुणवत्ता की जांच को लेकर आज तड़के 5 बजे विशेष जांच अभियान चलाया गया। न्यायालय के निर्देश पर गठित समिति ने नीमच सिटी और छावनी के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर नगर पालिका की नल सप्लाई से पानी के सैंपल लिए और मौके पर ही प्रारंभिक परीक्षण भी किया।
यह कार्रवाई लोक जन उपयोगी प्रकरण क्रमांक 1/26 के तहत की गई, जो परिवादी वसीम नाज एडवोकेट द्वारा प्रस्तुत किया गया है। माननीय जिला न्यायाधीश राकेश कुमार शर्मा के आदेशानुसार पानी की शुद्धता का निरंतर परीक्षण कर न्यायालय में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए एक समिति गठित की गई है। समिति में पीएचई विभाग के कमलेश पाटीदार, एडवोकेट महेश पाटीदार तथा नगर पालिका परिषद के केमिस्ट सुरेश पवार शामिल हैं।
समिति ने नीमच सिटी स्थित जोशी मोहल्ला, नीमच कैंट के बंगला नंबर 32, घंटाघर के नीचे छोटी मंडी और एकता कॉलोनी से पानी के नमूने लिए। पूरी प्रक्रिया का पंचनामा बनाया गया और वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई, ताकि जांच पूरी तरह पारदर्शी रहे। समिति सदस्यों ने स्वयं पानी का स्वाद लेकर परीक्षण किया और क्षेत्रवासियों से जल गुणवत्ता के संबंध में चर्चा की। सैंपलिंग के दौरान पानी का टीडीएस, क्लोरीन स्तर, बैक्टीरिया जांच, तापमान व अन्य भौतिक परीक्षण किए गए। प्रारंभिक परीक्षण में सभी मानक सामान्य पाए गए। विस्तृत लैब परीक्षण के लिए नमूने पीएचई विभाग को सौंपे गए हैं। बताते चलें कि समिति प्रत्येक सात दिन में शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से पानी के सैंपल एकत्रित कर उनकी जांच करेगी और विस्तृत प्रतिवेदन न्यायालय में प्रस्तुत करेगी।