निम्बाहेड़ा। क्षेत्र में कन्या शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए श्री कल्लाजी वैदिक विश्वविद्यालय में स्थित श्री कृष्णा कंवर छात्रावास का जीर्णाेद्धार कर उसे 5 मंजिला आधुनिक छात्रावास के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस नए भवन में 40 सर्वसुविधायुक्त एवं आधुनिक कमरे बनाए जाएंगे, जिससे छात्राओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा। विश्वविद्यालय परिसर में कन्या/महिला छात्रावास के नए कमरों के निर्माण कार्य का शुभारंभ विधिवत भूमि पूजन के साथ किया गया। कार्यक्रम विश्वविद्यालय चेयरपर्सन कैलाशचंद्र मूंदड़ा तथा कुलपति प्रो. महेश दीक्षित के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। भूमि पूजन के बाद निर्माण कार्य को गति प्रदान कर दी गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार छात्रावास में कमरों की संख्या बढ़ने से अधिक छात्राओं को आवास सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे बाहर से आने वाली छात्राओं को विशेष लाभ मिलेगा। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने बताया कि उद्देश्य छात्राओं को आधुनिक सुविधाओं से युक्त, सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण प्रदान करना है, ताकि वे उच्च शिक्षा के क्षेत्र में निर्बाध रूप से आगे बढ़ सकें। क्षेत्र में महिला शिक्षा के विस्तार की दिशा में इस पहल को एक महत्वपूर्ण और सराहनीय कदम माना जा रहा है।