मंदसौर। जिले के पिपलियामंडी-मनासा मार्ग पर लुनाहेड़ा बावड़ी फांटे के पास शनिवार देर शाम एक सड़क हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में हेमंत पिता मोहनलाल बोराना एवं मनोहर पिता प्रभुलाल बोराना निवासी लासुडिया राठौड़ के पैरों में फ्रैक्चर हो गया।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही लुनाहेड़ा गांव के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। महेश पाटीदार, पवन पाटीदार, श्यामलाल धनगर और मानक पोरवाल ने तत्काल सहयोग करते हुए घायलों को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपलियामंडी पहुंचाया। वहीं जगदीश मालवी और राहुल पाटीदार द्वारा फोन पर सूचना दिए जाने के बाद महेश पाटीदार गांव से वाहन लेकर घटनास्थल पहुंचे और घायलों को अस्पताल तक पहुंचाने में मदद की।

अस्पताल में दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार तो किया गया, लेकिन एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें करीब 30 मिनट तक स्ट्रेचर पर ही दर्द से तड़पते रहना पड़ा। इस दौरान परिजन और ग्रामीण अस्पताल प्रशासन की अव्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताते रहे। काफी देर बाद एम्बुलेंस की व्यवस्था होने पर दोनों घायलों को बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रेफर किया गया।

घटना के बाद क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं और आपातकालीन सेवाओं की बदहाल स्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि ऐसे संवेदनशील मार्गों और स्वास्थ्य केंद्रों पर एम्बुलेंस की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में मरीजों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
