नीमच। मानव सेवा के संकल्प को साकार करते हुए उड़ान ग्रुप नीमच ने स्वर्गीय रतनलाल गट्टु बाईजी सहलोत की स्मृति में, सहलोत परिवार के सहयोग से, द्वितीय निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया।
वीर पार्क रोड स्थित पूजा क्लिनिक में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में मरीजों ने पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। शिविर में पाइल्स (बवासीर), फिस्टुला (भगंदर) और फिशर (गुदा में दरार) से पीड़ित मरीजों की विशेषज्ञ जांच की गई।
वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एम.एल. जैन ने मरीजों की जांच कर उन्हें रोग की प्रकृति, आवश्यक सावधानियां और उपचार पद्धति के बारे में विस्तृत जानकारी दी। शिविर में मरीजों को सात दिन की होम्योपैथिक दवाइयां निःशुल्क वितरित की गईं।
मरीजों ने इस पहल को अत्यंत उपयोगी बताया और आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उड़ान ग्रुप और सहलोत परिवार के सदस्य भी उपस्थित रहे।