माउंट आबू। ग्लोबल हॉस्पिटल, माउंट आबू एवं सीमेंस हेल्थनियर्स के सौजन्य से रविवार को ग्राम पंचायत भवन, आबूरोड में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। रंगमंच व कठपुतली कला के माध्यम से ग्रामीणों को गैर-संचारी रोगों (एनसीडीएस) के बारे में सरल और प्रभावी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में नरसाराम गरासिया और अर्जुनराम गरासिया की टीम ने नुक्कड़ नाटिका का मंचन किया, जिसे ग्रामीणों ने बड़ी उत्सुकता से देखा। नाटक के माध्यम से बताया गया कि गैर-संचारी रोग दीर्घकालिक बीमारियाँ होती हैं, जो एक व्यक्ति से दूसरे में नहीं फैलतीं। इनमें महिलाओं के रोग, गर्भाशय का कैंसर, हृदय रोग, मधुमेह, ओरल कैंसर प्रमुख रूप से शामिल हैं। कलाकारों ने आनुवंशिकता, पर्यावरणीय असर और अस्वस्थ जीवनशैली जैसे कारणों को सहज भाषा में समझाया।
नाटिका के जरिए लोगों को नियमित व्यायाम, संतुलित भोजन, नशामुक्त जीवनशैली और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही शराब, बीड़ी, गुटखा जैसी नशीली वस्तुओं से होने वाले दुष्परिणामों पर भी विशेष रूप से जागरूक किया गया।
ग्लोबल हॉस्पिटल की टीम ने बताया कि इसी क्रम में आगामी बुधवार को इसी स्थान पर एक नेत्रजांच एवं ब्व्च्क् चेक- अप कैंप आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में प्रमुख भूमिका डॉ. अशोक दवे, जेपी सिंह, सुरेश कुमार, हंसाराम राना, पारो राम राणा, भूरी गरासिया, सोनी गरासिया, ममता गरासिया, लाली गरासिया की रही।