नीमच। विकास नगर विस्तार स्थित श्री दुर्गा माता मंदिर परिसर में रविवार को ऋषभ अशोक समाज कल्याण समिति, नीमच द्वारा जीसीएस गुजरात कैंसर सोसायटी हॉस्पिटल, अहमदाबाद के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्राप्त किया।
सुबह 10 बजे शुरू हुए शिविर में हृदय रोग, कान-नाक-गला, मूत्र रोग एवं हड्डी और जोड़ों से जुड़ी समस्याओं की जांच की गई। अहमदाबाद से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों- हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. हर्ष वगाडिया, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. ऋत्विक रांच, यूरोलॉजिस्ट डॉ. मीत रावल और ऑर्थाेपेडिक विशेषज्ञ डॉ. हर्ष पटेल ने मरीजों को सरल भाषा में रोग की प्रकृति, सावधानियां और उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
शिविर में मरीजों को आवश्यक बुनियादी दवाइयां भी निःशुल्क वितरित की गईं। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से आए लोग इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में अत्यंत उपयोगी बताते नजर आए। समिति अध्यक्ष प्रदीप वर्मा ने कहा कि संस्था का उद्देश्य जरूरतमंदों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है और भविष्य में भी ऐसे शिविर निरंतर आयोजित किए जाएंगे। समिति के सदस्यों ने आयोजन में व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित कर सेवा भाव का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया।