मनासा। नगर के समीपस्थ ग्राम परोत पिपलिया में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने लोगों पर हमला कर दिया। घटना में 4 लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पास स्थित पेड़ पर लगे छत्ते से अचानक मधुमक्खियां झुंड बनाकर नीचे आ गईं और राहगीरों को डंक मारना शुरू कर दिया। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।

घायलों को तुरंत मनासा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद 3 लोगों की हालत गंभीर पाई गई। चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल नीमच रेफर कर दिया। एक घायल का इलाज मनासा में ही जारी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सार्वजनिक स्थानों पर लगे मधुमक्खी के छत्तों को सुरक्षित तरीके से हटाने की मांग की है।
