नीमच। पवित्र रमजान माह के अवसर पर जिला मुस्लिम इंतजामिया कमेटी नीमच ने कलेक्टर को आवेदन देकर जिला जेल कनावटी एवं उप जेल जावद में रोजेदार कैदियों के लिए सेहरी-इफ्तार तथा विशेष नमाज की व्यवस्था की अनुमति देने की मांग की है।
आवेदन में बताया गया कि रमजान माह में मुस्लिम समुदाय सहित कुछ अन्य धर्मों के कैदी भी रोजा रखते हैं, लेकिन जेलों में सेहरी (प्रातः भोजन) एवं इफ्तार (सायंकालीन भोजन) के लिए आवश्यक पौष्टिक आहार, फल आदि की पर्याप्त व्यवस्था नहीं हो पा रही है, जिससे कैदियों को परेशानी हो रही है।
कमेटी ने प्रशासन को आश्वस्त किया है कि जेल प्रशासन के सहयोग से जिला मुस्लिम इंतजामिया कमेटी अपने स्तर पर सेहरी-इफ्तार की व्यवस्था करने को तैयार है। साथ ही रमजान व ईद के अवसर पर विशेष नमाज अदा कराने हेतु इमाम साहब को जेल में प्रवेश एवं वापसी की अनुमति देने का भी अनुरोध किया गया है।
आवेदन में कहा गया कि रमजान आत्मशुद्धि और सुधार का अवसर प्रदान करता है, जिससे कैदी समाज की मुख्यधारा से जुड़ने की प्रेरणा प्राप्त कर सकते हैं।
प्रार्थी गुलाम रसूल पठान, अध्यक्ष जिला मुस्लिम इंतजामिया कमेटी, नीमच ने प्रशासन से शीघ्र अनुमति प्रदान कर आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की है।