नीमच। शहर के आस्था केंद्र सांवरिया सेठ मंदिर में बुधवार को संस्कृति ग्रुप द्वारा आयोजित फाग उत्सव भक्ति, रंग और उल्लास के अनुपम संगम के रूप में संपन्न हुआ। मंदिर परिसर राधा-कृष्ण के जयघोष, सुगंधित पुष्पवर्षा और मधुर भजनों की स्वर लहरियों से गूंज उठा।
कार्यक्रम में आकांक्षा प्लास ने भगवान श्रीकृष्ण एवं रेखा जैन ने राधा का सजीव स्वरूप धारण कर मनोहारी प्रस्तुति दी, जिससे उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। “सांवरियो है सेठ म्हारी राधा जी सेठानी”, “मेरे बांके बिहारी लाल तू इतना ना करियो सिंगार नजर तोहे लग जाए”, “फूलों में सज रहे हैं श्री वृंदावन बिहारी” और “गरजोर मेरा चले हीरा-मोत्या से नजर उतार दूं” जैसे भजनों पर महिलाओं ने श्रद्धा और उत्साह के साथ सामूहिक स्तुति की।
भक्तिरस से सराबोर इस आयोजन में सुगंधित पुष्पों की वर्षा ने वातावरण को और भी अलौकिक बना दिया। महिलाओं ने एक-दूसरे को फाग उत्सव की शुभकामनाएं देते हुए प्रेम और सौहार्द का संदेश दिया।
संस्कृति ग्रुप की अध्यक्ष प्रत्याशा दुबे ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सांस्कृतिक मूल्यों एवं आध्यात्मिक चेतना को सुदृढ़ करते हैं। कार्यक्रम के अंत में नूतन प्लास ने उपस्थित महिलाओं को गुलाल लगाकर एवं पुष्प भेंट कर आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर तारा सोनी, पदमा सिंह, सुगंधा शक्तावत, बीना गर्ग, प्रेमलता पंवार, उमा शक्तावत, सोनू शर्मा, सपना श्रीवास्तव, सुनीता पंवार, सोनी शुक्ला, किरण शर्मा, इंदिरा पांडे, मंजुला शर्मा, राजकुमारी मैडम, ममता गट्टानी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाएं उपस्थित रहीं।