मंदसौर। जिला स्तरीय जनसुनवाई में मंगलवार को अपर कलेक्टर एकता जायसवाल एवं सीईओ जिला पंचायत अनुकूल जैन ने 45 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि आम नागरिकों की शिकायतों का समय पर समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक परेशानी न हो। जनसुनवाई में प्राप्त विभिन्न प्रकरणों पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
देहरी निवासी भुवानसिंह ने मंदिर की भूमि से अतिक्रमण हटाने के संबंध में आवेदन दिया, जिस पर तहसीलदार दलौदा को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैलारा निवासी रेशमबाई ने कृषि भूमि विक्रय की अनुमति के लिए आवेदन प्रस्तुत किया, जिस पर तहसीलदार मल्हारगढ़ को जांच कर कार्यवाही करने को कहा गया। बर्रामा निवासी प्रहलाद ने सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत जानकारी दिलाने के लिए आवेदन दिया, जिस पर एसडीएम गरोठ को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा जनसुनवाई में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, सीमांकन, बिजली बिल, संबल योजना, नल-जल योजना की शिकायतें तथा शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने से संबंधित कई आवेदन प्राप्त हुए। अधिकारियों ने सभी आवेदनों पर समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए।