मंदसौर। कलेक्टर अदिति गर्ग एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुकूल जैन ने विकासखंड सीतामऊ अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दीपाखेड़ा द्वारा प्रकाशित विद्यालय पत्रिका “दीप दर्पण” का विधिवत विमोचन किया।
विद्यालय की यह पहली पत्रिका है, जिसमें शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों के साथ विद्वान शिक्षकों के लेख और विद्यार्थियों की रचनाओं का समावेश किया गया है। पत्रिका को आकर्षक एवं सचित्र रूप में प्रकाशित किया गया है, जिससे विद्यार्थियों को विद्यालय की गतिविधियों की विस्तृत जानकारी मिल सके।
विद्यालय के प्राचार्य दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि “दीप दर्पण” विद्यालय की प्रथम पत्रिका है और भविष्य में भी इस प्रकार के प्रकाशन का क्रम जारी रखा जाएगा। इससे विद्यार्थियों में लेखन एवं पठन के प्रति रुचि बढ़ेगी तथा उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों को साहित्य से जोड़ना आवश्यक है और विद्यालय का यह प्रयास इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। विमोचन कार्यक्रम में रामेश्वर डांगी (जिला परियोजना समन्वयक), पत्रिका के संपादक मंडल के सदस्य तथा विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे।