रतलाम। कृषि उपज मंडी समिति रतलाम में मार्च माह के अवकाश दिनों में विशेष संचालन को लेकर संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडी भारसाधक अधिकारी एवं एसडीएम रतलाम शहर आर्ची हरित ने की।
सचिव किशोर कुमार नरगावे ने बताया कि बैठक में किसान संघ, व्यापारी संघ, हम्माल संघ एवं तुलावटी संघ के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। मार्च माह में लगातार अवकाश रहने के कारण मंडी संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि मार्च 2026 में 19 मार्च (गुड़ी पड़वा), 20 मार्च (चौती चांद), 21 मार्च (ईद-उल-फितर), 26 मार्च (नवरात्रि अष्टमी), 27 मार्च (रामनवमी), 29 मार्च (रविवार), 30 मार्च (बैंक क्लोजिंग), 31 मार्च (महावीर जयंती) तथा 1 अप्रैल (वार्षिक लेखा बंदी) के कारण मंडी प्रांगण में अवकाश रहेगा।
किसान हित को ध्यान में रखते हुए 22 मार्च (रविवार) एवं 28 मार्च को गेहूं की खरीद-बिक्री के लिए मंडी खुली रखने का निर्णय लिया गया है। इन दोनों दिनों में किसानों को भुगतान केवल आरटीजीएस / एनईएफटी के माध्यम से किया जाएगा, बैंक अवकाश के कारण नगद भुगतान नहीं किया जाएगा। मंडी प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि आवश्यकता होने पर ही उपज मंडी में लाएं, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।