मंदसौर। घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की शिकायत मिलने पर जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए द्वारका इंडेन गैस एजेंसी, मंदसौर को सील कर दिया।
जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि खाद्य एवं राजस्व विभाग के संयुक्त जांच दल द्वारा कार्रवाई के दौरान एजेंसी के कर्मचारी घनश्याम को घरेलू गैस सिलेंडर दोगुनी कीमत पर बेचते हुए पकड़ा गया।
जांच के दौरान एजेंसी संचालक से आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वे दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सके। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से एजेंसी को आगामी आदेश तक सील कर दिया।
कार्रवाई के दौरान अनुविभागीय अधिकारी शुभम पाटीदार, डिप्टी कलेक्टर रोहित राणावत, तहसीलदार अभिषेक चौरसिया, जिला आपूर्ति अधिकारी नारायणसिंह चन्द्रावत तथा कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी आराधना खड़िया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि जिले में गैस की पर्याप्त आपूर्ति उपलब्ध है, इसलिए उपभोक्ता बिना बुकिंग या अधिक कीमत पर गैस सिलेंडर न खरीदें। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि एलपीजी का अवैध भंडारण, कृत्रिम अभाव उत्पन्न करने या घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।