माउंट आबू। नगर पालिका एवं स्थानीय प्रशासन के तत्वावधान में राजस्थान दिवस पखवाड़े के तहत स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज माउंट आबू स्थित नक्की झील एवं संत सरोवर जलाशय और आसपास के क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान संचालित किया गया।
स्वच्छता सैनिकों, नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने मिलकर झीलों में जमा कचरे को बाहर निकाला। अभियान के दौरान करीब दो ट्रॉली कचरा एकत्रित कर डंपिंग यार्ड भेजा गया।
इस स्वच्छता कार्यक्रम में जन स्वास्थ्य निरीक्षक राज किशोर शर्मा, जमादार तरुण कुमार, मुकेश, मीना, विक्रम सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर संत सरोवर के महंत सच्चिदानंद स्वामी ने स्वच्छता को जन-जन की जिम्मेदारी बताते हुए लोगों से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी की अपील की।