उज्जैन। विकासखंड बड़नगर में नरवाई प्रबंधन तकनीकों के प्रचार-प्रसार के लिए मंगलवार को कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें क्षेत्र के पंचायत सचिव, कृषि विभाग कर्मचारी और स्थानीय किसान शामिल हुए।
कार्यशाला का उद्घाटन जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि उमराव सिंह राठौर और मुख्य कार्यपालन अधिकारी भागीरथ मालवीय ने किया। उन्होंने किसानों को नरवाई प्रबंधन अपनाने और फसल अवशेष में आग लगाने से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया।
सहायक संचालक कृषि कमलेश राठौर ने वैज्ञानिक नरवाई प्रबंधन तकनीकों पर प्रशिक्षण दिया, जबकि वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी उदय कुमार अग्निहोत्री ने फसल अवशेष में आग लगाने पर शासन द्वारा लगाए जाने वाले आर्थिक दंड के प्रावधानों की जानकारी साझा की।
प्रशिक्षण के बाद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नरवाई प्रबंधन को बढ़ावा देने हेतु तहसील कृषि रथ को हरी झंडी दिखाकर क्षेत्र में रवाना किया। अंत में कृषि विकास अधिकारी अंकुश गुप्ता ने आभार व्यक्त किया।