सरवानियां महाराज। जन शिक्षा केंद्र के अंतर्गत आने वाली आमलीभाट पंचायत के ग्राम ढाबा स्थित शासकीय विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया जा रहा है।
पूर्व में भी विद्यालय के तीन विद्यार्थियों का चयन राष्ट्रीय मींस कम मेरिट परीक्षा में हुआ था। इसी क्रम में अब नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा के घोषित परिणाम में शासकीय प्राथमिक विद्यालय ढाबा के होनहार छात्र गजराज, पिता चेनराम धनगर का कक्षा 6 में प्रवेश हेतु चयन हुआ है।
छात्र की इस उपलब्धि पर संकुल प्राचार्य आर.के. मीणा, जनशिक्षक सुनील कारपेंटर, प्रभुलाल पाटीदार, प्राथमिक विद्यालय ढाबा के प्रधानाध्यापक प्रहलाद केवड़ा, शिक्षिका शिवानी मैडम सहित समस्त स्टाफ ने छात्र को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों की यह सफलता अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा है।