मंदसौर। शहर के व्यस्त महाराणा प्रताप चौराहे पर मंगलवार रात एक चलती कार में अचानक आग लग गई, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों की सतर्कता से आग पर जल्द काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जावेद हुसैन अपने परिवार के साथ ईद की खरीदारी के लिए नई आबादी क्षेत्र से बाजार जा रहे थे। चौराहे पर पहुंचते ही कार से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आगे के हिस्से में आग लग गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एमपी 44 सीए 0836 नंबर की कार में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन कार को नुकसान पहुंचा है।