चित्तौड़गढ़। हिंदू नववर्ष चौत्र शुक्ल प्रतिपदा के अवसर पर 19 मार्च गुरुवार को शहर में भव्य शोभायात्रा और नववर्ष स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी विक्रम संवत 2083 के शुभारंभ पर सर्व हिन्दू समाज द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में समाजसेवी हेमंत कुमार जैन, दिनेश भट्ट, शांतिलाल भराडिया एवं आयोजन समिति संयोजक, इतिहास संकलन समिति के प्रांतीय संरक्षक वैद्य लक्ष्मीनारायण जोशी उपस्थित रहे।
समिति ने बताया कि हिंदू नववर्ष के उपलक्ष में गुरुवार सुबह शहर के प्रमुख चौराहों पर मातृशक्ति द्वारा मंगल तिलक लगाकर नीम, मिश्री और काली मिर्च का प्रसाद वितरित किया जाएगा। विभिन्न विद्यालय और सामाजिक संस्थाएं भी इस कार्यक्रम में भाग लेंगी।
शाम को निकलेगी भव्य शोभायात्रा-
मुख्य समारोह के रूप में 19 मार्च को सायं 4.30 बजे इंदिरा गांधी स्टेडियम से विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में उज्जैन की प्रसिद्ध महाकाल झांकी, भारत माता की झांकी, संत-महापुरुषों के चित्र, अखाड़ा प्रदर्शन तथा विभिन्न सामाजिक-धार्मिक संस्थाओं की आकर्षक झांकियां शामिल होंगी। शोभायात्रा इंदिरा गांधी स्टेडियम से प्रारंभ होकर शास्त्री नगर चौराहा, कलेक्ट्रेट चौराहा, रोडवेज बस स्टैंड, गंभीरी पुलिया, अप्सरा चौराहा होते हुए सुभाष चौक पहुंचेगी।
भारत माता आरती के साथ होगा समापन-
सुभाष चौक पर भारत माता की आरती, संत आशीर्वचन और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा। आयोजन समिति ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर हिंदू नववर्ष का उत्साहपूर्वक स्वागत करने की अपील की है।