चित्तौड़गढ़। जिला कलक्टर आलोक रंजन के निर्देशानुसार प्रशासन, रसद विभाग एवं पुलिस के संयुक्त दल द्वारा जिले में घरेलू गैस के अवैध भंडारण एवं उपयोग के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इस दौरान गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर स्टॉक का भौतिक सत्यापन भी किया गया।
भदेसर उपखंड क्षेत्र में शिकायत मिलने पर टीम ने चित्तौड़गढ़ हाईवे स्थित होटलों पर औचक निरीक्षण किया, जहां घरेलू उपयोग के 5 गैस सिलेंडर अवैध रूप से उपयोग में लिए जा रहे थे, जिन्हें जब्त कर अग्रिम कार्रवाई प्रस्तावित की गई।
टीम ने कुम्भानगर स्थित गैस एजेंसी का निरीक्षण कर स्टॉक की जांच की तथा एजेंसी संचालक को राज्य सरकार के निर्देशानुसार उपभोक्ताओं को नियमित गैस वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिले में वर्तमान में 28 गैस एजेंसियां संचालित हैं और करीब 3 लाख 85 हजार 680 सक्रिय घरेलू गैस कनेक्शन हैं। वितरण के लिए पर्याप्त गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं और उपभोक्ता ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से गैस प्राप्त कर सकते हैं।
प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अनावश्यक भंडारण या पैनिक बुकिंग न करें, गैस का मितव्ययी उपयोग करें तथा आवश्यकता अनुसार वैकल्पिक ईंधन जैसे सोलर कुकर, इंडक्शन चूल्हा और बायोगैस का उपयोग करें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि व्यावसायिक गैस सिलेंडर की आपूर्ति आवश्यकता अनुसार ही की जाएगी तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। गैस बुकिंग में समस्या होने पर आधार आधारित ई-केवाईसी के बाद सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।