पोलायकला। श्री राम मांगलिक भवन में ब्लॉक पेंशनर्स एसोसिएशन द्वारा होली मिलन समारोह के साथ त्रैमासिक बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना से हुई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भगवती प्रसाद वर्मा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में गंगाधर वर्मा एवं सीताराम कामलिया उपस्थित रहे। विशेष अतिथि के रूप में मांगीलाल पाटीदार, मोहन बड़ोदिया, के.के. श्रीवास्तव (मक्सी), कालूराम शाक्यवार (व्यावरा) सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे। सभी अतिथियों का पुष्पमाला, दुपट्टा एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया।
होली मिलन के दौरान उपस्थित जनों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। अतिथियों ने कहा कि होली का पर्व आपसी मतभेद भुलाकर प्रेम और सद्भाव से रहने का संदेश देता है। यह त्योहार हमें एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।
बैठक में संगठन को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि सेवा निवृत्ति के बाद भी सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करना आवश्यक है, साथ ही स्वस्थ रहकर जीवन के कर्तव्यों को निभाना चाहिए।
इस अवसर पर नर्मदा परिक्रमा करने वाले शिक्षक जीवनसिंह मण्डलोई एवं डॉ. घनश्याम दीक्षित का सम्मान किया गया। साथ ही अन्य शिक्षकों का जन्मोत्सव भी श्रीफल व माला पहनाकर मनाया गया।
कार्यक्रम के अंत में आभार गजराज सिंह वर्मा ने व्यक्त किया।