शिवपुरी। शिवपुरी जिले के 15 मजदूरों को कर्नाटक में नौकरी का झांसा देकर फंसाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गुरुवार को परिजन एसपी कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर मजदूरों को सुरक्षित छुड़ाने की मांग की।
परिजनों के अनुसार ठेकेदार राजेश जाटव और विक्रम जाटव मजदूरों को अच्छी नौकरी और मोटी सैलरी का लालच देकर बाहर ले गए। मजदूरों से हर महीने 25 हजार रुपये वेतन, मुफ्त भोजन और रहने की सुविधा का वादा किया गया था। इसी भरोसे पर सभी मजदूर कर्नाटक की एक फैक्ट्री में काम करने चले गए।
बताया गया कि शुरुआत में कुछ दिनों तक मजदूरों की अपने परिवार से बात होती रही, लेकिन बाद में उनके मोबाइल फोन बंद हो गए। हाल ही में दो मजदूर किसी तरह वहां से भागकर वापस शिवपुरी पहुंचे, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
भागकर लौटे मजदूरों ने बताया कि फैक्ट्री में उनके मोबाइल फोन छीन लिए गए थे। उन्हें पर्याप्त भोजन नहीं दिया जा रहा था और तय मजदूरी भी नहीं मिल रही थी। साथ ही किसी से संपर्क करने की अनुमति भी नहीं थी और उन्हें बंधक बनाकर जबरन काम कराया जा रहा था।
परिजनों ने प्रशासन से ठेकेदारों और संबंधित कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के साथ ही फंसे हुए मजदूरों को जल्द से जल्द सुरक्षित वापस लाने की गुहार लगाई है।