नीमच। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने निर्देश दिए कि जिले की सभी स्वास्थ्य कार्यकर्ता स्वास्थ्य जांच की सही-सही रिपोर्ट टीकाकरण कार्ड पर अंकित करें। उन्होंने कहा कि अक्सर देखा जाता है कि गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण कार्ड पर सभी पैरामीटर सामान्य लिखे होते हैं, जबकि उच्च स्तरीय जांच में वही महिलाएं हाईरिस्क श्रेणी में पाई जाती हैं, जिससे उनके उचित उपचार में परेशानी आती है।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि एएनएम समय पर सही जांच कर रिपोर्ट दर्ज करें। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित स्वास्थ्य कार्यकर्ता के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में कलेक्टर ने प्रसव पूर्व जांच, प्रसव के दौरान आवश्यक चार जांच, हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं का चिन्हांकन एवं उनके प्रबंधन की विस्तृत समीक्षा की। कमजोर प्रदर्शन वाले सेक्टर मेडिकल ऑफिसर एवं सेक्टर सुपरवाइजर को नोटिस जारी करने तथा अच्छा कार्य करने वाले अधिकारियों को प्रशंसा पत्र देने के निर्देश दिए। साथ ही सभी राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा कर नोडल अधिकारियों को 31 मार्च 2026 तक लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में एचपीवी टीकाकरण अभियान की समीक्षा करते हुए जिले की प्रगति 20 प्रतिशत से कम होने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की और आगामी दिनों में बड़े स्तर पर टीकाकरण सत्र आयोजित करने के निर्देश दिए। गुरुवार को पूरे जिले में एचपीवी टीकाकरण का महाअभियान चलाया जाएगा।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी. प्रसाद, सिविल सर्जन डॉ. महेन्द्र पाटील, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. मनीष यादव, डब्ल्यूएचओ के डॉ. ऋषभ बजाज, जिला कार्यक्रम अधिकारी अंकिता पंड्या तथा जिला शिक्षा अधिकारी एसएम मांगेरिया उपस्थित थे।