देवास। जनहित को प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने निर्माणाधीन कलेक्टर कार्यालय एवं इंदौर बायपास ब्रिज का निरीक्षण कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी विकास कार्य तय समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं, अन्यथा जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इस दौरान कलेक्टर ने कलेक्टर कार्यालय निर्माण कार्य की गति बढ़ाने के लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए और इसे जुलाई 2026 तक हर हाल में पूर्ण करने को कहा। उन्होंने देवास की धार्मिक पहचान माताजी टेकरी को ध्यान में रखते हुए कार्यालय के मुख्य द्वार पर आकर्षक 3डी पेंटिंग तैयार करने के भी निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्य की प्रगति की हर 15 दिन में स्वयं समीक्षा करने की बात कही।
इंदौर बायपास ब्रिज का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने नागरिकों की सुविधा को सर्वाेपरि बताते हुए बरसात से पहले निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण स्थल पर सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने, ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रखने तथा नाले से अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने दो टूक कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से मौके पर निरीक्षण कर गुणवत्ता बनाए रखने और समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।