खरगोन। चैत्र नवरात्र, हिंदू नववर्ष और चौटीचंड के पावन अवसर पर गुरुवार को पूरे शहर में भक्ति, आस्था और सामाजिक उत्साह का माहौल देखने को मिला। सनातन धर्मावलंबियों ने चैत्र प्रतिपदा, यानी विक्रम संवत 2083 के आगमन का हर्षाेल्लास के साथ स्वागत किया। इसी के साथ शक्ति की आराधना का पावन पर्व चैत्र नवरात्र भी विधिवत शुरू हो गया।
चैत्र नवरात्रि के अवसर पर गायत्री परिवार द्वारा विश्व कल्याण की भावना से नौ दिवसीय सामूहिक गायत्री अनुष्ठान का आयोजन किया गया। वहीं महाराष्ट्रीयन समाज में गुड़ी पड़वा का पर्व धूमधाम से मनाया गया। घर-घर में गुड़ी स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की गई। माता को श्रीखंड और पुरी का भोग अर्पित किया गया।
राहगीरों को तिलक कर दी नववर्ष की बधाई
हिंदू नववर्ष के उपलक्ष्य में सरस्वती विद्या मंदिर सहित मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर राहगीरों को तिलक लगाकर नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान विशाल खेड़े, जितेंद्र भावसार, विजय वर्मा सहित 5 वर्षीय नन्ही बालिका मणि खेड़े ने भी उत्साहपूर्वक लोगों को तिलक कर शुभकामनाएं दीं।
प्राचार्य कालूसिंह पथरोड़ ने बताया कि नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के उद्देश्य से इस तरह के आयोजन आवश्यक हैं, अन्यथा पाश्चात्य संस्कृति के प्रभाव में ये परंपराएं धीरे-धीरे विलुप्त हो सकती हैं।
कार्यक्रम के अंत में प्रसादी के रूप में नीम की पत्तियां, गुड़ और धनिया वितरित कर सभी के मंगलमय जीवन की कामना की गई।