देवास। कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने चौत्र नवरात्रि के प्रथम दिन माताजी की टेकरी पहुंचकर सपत्नीक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने मां तुलजा भवानी एवं मां चामुंडा के दर्शन कर जिले की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। नवरात्रि के पावन अवसर पर टेकरी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए कलेक्टर सिंह ने व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं को दर्शन में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल और यातायात की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इस दौरान एसडीएम अभिषेक शर्मा, तहसीलदार सपना शर्मा, तहसीलदार पूजा भाटी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे और व्यवस्थाओं के संचालन में सक्रिय रूप से जुटे रहे।