मंदसौर। विक्रम संवत् 2083 के शुभारंभ पर मंदसौर स्थित पशुपतिनाथ मंदिर परिसर के आराधना हॉल में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने सूर्य उपासना कर विधिवत ब्रह्मध्वज की स्थापना की और भगवान पशुपतिनाथ की आरती में शामिल होकर पूजा-अर्चना की।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार, नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी गुर्जर, पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया, संत महेशमणि चौतन्य महाराज, जनपद अध्यक्ष बसंत शर्मा, मदनलाल राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में कलेक्टर अदिति गर्ग, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा, अपर कलेक्टर एकता जायसवाल एवं एसडीएम शिवलाल शाक्य सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत सूर्य उपासना से हुई, इसके बाद ब्रह्मध्वज स्थापना की गई। आयोजन वर्ष प्रतिपदा (गुड़ी पड़वा) के उपलक्ष्य में किया गया। इस दौरान मध्यप्रदेश संस्कृति विभाग एवं मध्यप्रदेश नाट्य विद्यालय के सहयोग से “सम्राट विक्रमादित्य” पर आधारित भव्य नाट्य प्रस्तुति का मंचन किया गया, जिसमें विक्रमादित्य के जीवन, शौर्य, न्यायप्रियता, नवरत्न और शकों पर विजय का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम में “भारत का नववर्ष विक्रम संवत्” विषय पर पुस्तिका का वितरण भी किया गया। अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश शासन द्वारा प्रत्येक जिला मुख्यालय पर इस प्रकार के आयोजन कर भारतीय परंपरा को पुनर्जीवित किया जा रहा है। उन्होंने नववर्ष को सभी के लिए मंगलमय और कल्याणकारी होने की कामना की।