नीमच। टाउनहॉल नीमच में विक्रमोत्सव 2026 के अंतर्गत गुरुवार को कोटि सूर्याेपासना, सूर्य उपासना एवं जिला स्तरीय जल गंगा संवर्धन अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने कहा कि विक्रम संवत से भारतीय संस्कृति और परंपराओं की शुरुआत होती है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा परंपराओं को जागृत करने का अनुकरणीय प्रयास किया गया है। उन्होंने सभी को विक्रम संवत नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर विधायक दिलीप सिंह परिहार, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, सांसद प्रतिनिधि आदित्य मालू, जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
विधायक सखलेचा ने बताया कि जावद-नीमच क्षेत्र की गांधी सागर आधारित सिंचाई परियोजना स्वीकृत हो चुकी है और जल्द ही कार्य प्रारंभ होगा, जिससे क्षेत्र के किसानों को सिंचाई का लाभ मिलेगा।
विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने वर्ष 2047 तक देश को विश्वगुरु बनाने का संकल्प लिया है। नववर्ष के अवसर पर हमें प्रकृति संरक्षण, कुएं-बावड़ी और जल संरचनाओं के संवर्धन का संकल्प लेना चाहिए तथा समाज के कमजोर वर्ग तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना चाहिए।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और पीपल के पौधे की पूजा के साथ हुई। इसके बाद जल गंगा संवर्धन अभियान का शुभारंभ किया गया। एडीएम बी.एस. कलेश, एसडीएम संजीव साहू, जिला शिक्षा अधिकारी एस.एम. मांगेरिया, विनोद एक्का और सीएमओ दुर्गा बामनिया ने अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर उज्जैन की सांस्कृतिक संस्था द्वारा सम्राट विक्रमादित्य पर आधारित नाटक का मंचन किया गया, जिसका निर्देशन डॉ. रूद्र आचार्य और कीर्ति प्रामाणिक ने किया। कार्यक्रम का संचालन मंजूलाधीर और प्रो. संजय जोशी ने किया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, पार्षद, गणमान्य नागरिक, पत्रकार, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे।