उज्जैन। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर गुरुवार को सिंहस्थ मेला कार्यालय में एमपीआरडीसी के निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में संभागायुक्त एवं मेला अधिकारी आशीष सिंह ने निर्देश दिए कि सिंहस्थ से जुड़े सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं, क्योंकि प्रत्येक दिन महत्वपूर्ण है।
बैठक में कलेक्टर रौशन कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। संभागायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ड्राइंग-डिजाइन की स्वीकृति शीघ्र लेकर सभी स्ट्रक्चर संबंधी कार्य तुरंत शुरू किए जाएं।
बैठक में उज्जैन-इंदौर ग्रीनफील्ड मार्ग (48 किमी) को 31 अक्टूबर 2027, उज्जैन-जावरा ग्रीनफील्ड/बायपास मार्ग (98 किमी) को 30 नवम्बर 2027, सिंहस्थ बायपास को 30 जुलाई 2027, हरी फाटक ब्रिज को 15 जून 2027 तथा मक्सी रोड कार्य को 30 जून 2027 तक पूर्ण करने की समय सीमा तय की गई।
संभागायुक्त ने हरी फाटक ब्रिज निर्माण में आ रही बाधाओं को तुरंत दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम आयुक्त और यूडीए अधिकारियों को मोबाइल पर निर्देश देते हुए कहा कि 1 अप्रैल से हरी फाटक ब्रिज और इंदौर-उज्जैन ग्रीनफील्ड मार्ग का कार्य हर हाल में शुरू कराया जाए तथा किसानों को मुआवजा वितरण का कार्य शीघ्र पूरा किया जाए।
कलेक्टर ने बताया कि उज्जैन-जावरा ग्रीनफील्ड के लिए अवार्ड पारित करने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू होगी तथा इंदौर-उज्जैन ग्रीनफील्ड के लिए राशि वितरण का कार्य भी तत्काल कराया जाएगा।
संभागायुक्त ने कहा कि सिंहस्थ-2028 से जुड़े सभी कार्य सर्वाेच्च प्राथमिकता में हैं और किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विभाग निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें।