चित्तौड़गढ़। राजफैड के उदयपुर क्षेत्रीय कार्यालय के अंतर्गत चित्तौड़गढ़ जिले में रबी सीजन 2026 के लिए किसानों से सरसों और चना की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद 1 अप्रैल से शुरू होगी। ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया 20 मार्च 2026 से आरंभ की जाएगी।
जिले में सरसों का एमएसपी 6200 रुपये प्रति क्विंटल और चना का 5875 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। खरीद के लिए किसान क्यूआर कोड स्कैन या ई-मित्र केंद्र के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं।
पंजीकरण और उपज की तौल केवल ऑनलाइन गिरदावरी में दर्ज उपज के अनुसार ही होगी। समर्थन मूल्य पर खरीद किसानों की आधार आधारित बायोमेट्रिक पहचान के माध्यम से की जाएगी।
भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार, नैफेड के लिए समर्थन मूल्य पर खरीद 60 दिवस की अवधि में पूरी की जाएगी। किसान अपनी उपज एफएक्यू गुणवत्ता मानकों के अनुसार क्रय-विक्रय केंद्रों या ग्राम सेवा सहकारी समिति केंद्रों पर बेच सकेंगे।
किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए राजफैड ने टोल फ्री कॉल सेंटर (18001806001) भी स्थापित किया है।