बड़वानी। जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा लिया गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
धमकी की खबर फैलते ही कोर्ट में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरी बिल्डिंग को खाली कराया। वकीलों के चौंबर और आसपास की दुकानों को भी बंद करा दिया गया। पुलिस ने कोर्ट की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर नाकाबंदी कर दी है। खास बात यह है कि कोर्ट, बड़वानी थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए खरगोन से बम निरोधक दस्ता (ठक्क्ै) और डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाया गया है। एसपी, एडीएम और एडिशनल एसपी खुद मौके पर मौजूद रहकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं। कोतवाली थाना प्रभारी ने टीम के साथ कोर्ट के सभी प्रवेश द्वार सील कर दिए हैं।
कोर्ट परिसर के अंदर बम स्क्वायड और स्वाट टीमों द्वारा चप्पे-चप्पे की तलाशी ली जा रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस को भी अलर्ट पर रखा गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले सतना और मैहर के न्यायालयों को भी इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। ऐसे में जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इन घटनाओं के पीछे कोई संगठित गिरोह है या फिर यह किसी की शरारत है।
फिलहाल पुलिस पूरी सतर्कता बरत रही है। जांच और एक्सपर्ट्स की रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि यह अफवाह थी या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा।