नीमच। ईद-उल-फितर, नवरात्रि एवं रामनवमी के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से नीमच पुलिस द्वारा शुक्रवार को पुलिस लाइन कनावटी में बलवा ड्रिल का अभ्यास किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दंगा नियंत्रण से जुड़ी विभिन्न कार्यवाही का प्रदर्शन किया।
पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशानुसार जिले में आगामी त्योहारों के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल को मुस्तैद रहने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने हेतु नियमित अभ्यास करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया ने पुलिस लाइन कनावटी पहुंचकर बलवा ड्रिल का निरीक्षण किया।
ड्रिल के दौरान पुलिस बल ने बलवाईयों को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज, टीयर गैस तथा फायरिंग का अभ्यास किया। अभ्यास के दौरान प्रदर्शन स्वरूप 5 बलवाई घायल होने की स्थिति दर्शाई गई। इस अभ्यास का उद्देश्य पुलिस बल को आपात परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार रखना था।
बलवा ड्रिल में नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, एसडीओपी जावद रोहित राठौर, एसडीओपी मनासा निकीता सिंह, थाना प्रभारी नीमच कैंट निरीक्षक निलेश अवस्थी, थाना प्रभारी बघाना निरीक्षक राधेश्याम डांगी, थाना प्रभारी जीरन निरीक्षक उमेश यादव, थाना प्रभारी रतनगढ़ निरीक्षक मनोज सिंह जादौन, थाना प्रभारी सिंगोली निरीक्षक जितेन्द्र वर्मा, थाना प्रभारी मनासा निरीक्षक शिव रघुवंशी, थाना प्रभारी कुकड़ेश्वर निरीक्षक भीम सिंह सिसौदिया, थाना प्रभारी रामपुरा उपनिरीक्षक विपिन मसीह, सभी चौकी प्रभारी, सूबेदार सुरेश सिसौदिया सहित कुल 156 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की ड्रिल से त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को बेहतर तैयारी मिलती है।