देवास। जिले में जल संरचनाओं के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से चलाए जा रहे जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत पुराने तालाबों, बावड़ियों, कुओं एवं अन्य जल स्रोतों की साफ-सफाई और गहरीकरण का कार्य किया जा रहा है। यह अभियान 19 मार्च से 30 जून तक संचालित होगा, जिसमें नागरिकों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जा रही है।
कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अभियान से जुड़कर जल संरक्षण में योगदान दें और पानी की हर बूंद बचाने का संकल्प लें। अभियान के तहत पुराने जल स्रोतों का जीर्णाेद्धार, रिचार्ज पिट निर्माण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, वृक्षारोपण तथा नदियों और नालों की सफाई जैसे कार्य किए जा रहे हैं।
अभियान में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय प्रशासन, जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, वन, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, कृषि, उद्यानिकी, जन अभियान परिषद सहित कई विभाग सहभागिता कर रहे हैं। नगरीय क्षेत्रों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग, ग्रामीण क्षेत्रों में खेत-तालाब, अमृत सरोवर, भूजल संवर्धन तथा पारंपरिक जल संरचनाओं के जीर्णाेद्धार के कार्य किए जा रहे हैं।
प्रशासन ने बताया कि अभियान को जन आंदोलन के रूप में चलाया जाएगा ताकि समाज और सरकार के संयुक्त प्रयास से जल संरक्षण को बढ़ावा मिल सके।