मंदसौर। जिले में जल संरक्षण और प्राकृतिक जल स्रोतों के पुनर्जीवन को लेकर प्रशासन द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान का शुभारंभ शुक्रवार को किया गया। अभियान के तहत नगर परिषद मल्हारगढ़ सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सार्वजनिक कुओं, तालाबों और नालों की साफ-सफाई एवं संरक्षण कार्य शुरू किए गए।
नगर परिषद मल्हारगढ़ के वार्ड क्रमांक 3 स्थित कान कुईया तथा वार्ड क्रमांक 12 स्थित पुराने दशहरा मैदान के सार्वजनिक कुओं की सफाई कर अभियान की शुरुआत की गई। इस दौरान कुओं में जमा गाद, कचरा एवं आसपास फैली गंदगी को हटाया गया तथा आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया गया।
अभियान के अंतर्गत कुओं पर किए गए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की गई। साथ ही हेडपंपों की मरम्मत कर उन्हें पुनः चालू किया गया, जिससे आमजन को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, नगर परिषद के कर्मचारी, पत्रकार एवं नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने श्रमदान कर सफाई कार्य में सहयोग दिया तथा जल संरक्षण का संकल्प लिया।
प्रशासन के अनुसार जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जिले के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जल स्रोतों की सफाई, संरक्षण और पुनर्जीवन के कार्य लगातार किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य जल स्रोतों को सुरक्षित रखना, भूजल स्तर बढ़ाना और भविष्य के जल संकट से निपटने की तैयारी करना है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं ताकि जनसहभागिता से यह अभियान जनआंदोलन का रूप ले सके।